शिशिर शुक्ला
समाचार4मीडिया.कॉम
दिल्ली और एनसीआर से जल्द ही एक एक नया अखबार मेट्रो लाइव लॉन्च होने जा रहा है। कुल 24 पेज का यह कलरफुल साप्ताहिक अखबार संभवत: जून के मध्य तक मार्केट में आ जाएगा। मेट्रो लाइव का आमंत्रण मूल्य पांच रुपए रखा जाएगा। इस बारे में समाचार4मीडिया से बातचीत करते हुए मेट्रो लाइव के प्रमोटर दिनेश वर्मा ने बताया कि हम अखबार की शुरुआत दिल्ली से करेंगे इसके बाद हम इसका विस्तार हरियाणा एडिशन लाकर करेंगे।
दिनेश वर्मा ने बताया कि अखबार के प्रकाशन के लिए ट्रयू इन्टरटेनमेंट एंड मीडिया के नाम से एक कंपनी का गठन किया जा रहा है, जिसके बैनर मेट्रो लाइव निकाला जाएगा।
मीडिया के पहले मेट्रो लाइव के प्रबंधक रियल एस्टेट, फाइनेंस, होटल एवं रेस्टोरेंट और पेट्रोल पंप की चेन का संचालन करते हैं। गौरतलब है कि यह ग्रुप इसके पहले भी समय सारांश नामक साप्ताहिक को प्रमोट कर चुका है, जो किन्हीं कारणों से बंद हो गया था।
अखबार के संपादक के बारे में सवाल करने पर दिनेश वर्मा ने कहा कि हमने इस बारे में वरिष्ठ पत्रकार अनिल अत्री से संपर्क किया है। वह पहले भी समय सारांश के संपादकीय प्रभारी रहे हैं। हालांकि आजकल वह एक बड़े मीडिया समूह के एक प्रोजेक्ट पर कार्य कर रहे हैं लेकिन वह हमारे साथ आने को तैयार हैं। श्री वर्मा ने कहा कि हम समय सारांश से जुडे कुछ पुराने स्टाफ को भी इसमें शामिल करने को तैयार हैं।
इस बारे में जब अनिल अत्री से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेट्रो लाइव के लिए दिनेश वर्मा ने उनसे फोन पर लंबी बातचीत की है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीने से वह एक अखबारके प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मैंने मेट्रो लाइव के प्रबंधन से जून में अपने उपलब्ध हो सकने की बात कही है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। अखबार किस तरह का होगा इस बारे में सवाल करने पर अनिल अत्री ने कहा कि अभी इस बारे में कहना जल्दबाजी होगी लेकिन यह कई मामलों बाकी साप्ताहिक अखबारों से अलग होगा।