Friday, 4 January 2013

..तो पर्यटक आसमान से करेंगे 'ताजमहल' का दीदार!


उत्तर प्रदेश का पर्यटन विभाग अगर अपनी योजना को अमली जामा पहनाने में सफल रहा तो आगरा में बनी मोहब्बत की नायाब निशानी ‘ताजमहल’ का दीदार अब यहां आने वाले देसी-विदेशी पर्यटक आसमान से भी कर सकेंगे। इस मद्देनजर पर्यटन विभाग ने अपनी कार्ययोजना का खाका तैयार कर लिया है।
पर्यटन विभाग की योजना के मुताबिक, आगरा और उसके आसपास के पर्यटक स्थलों का दीदार आसमान से ही कराने की योजना बनाई गई है। इसके लिए प्रदेश में पहली बार फरवरी में इंटरनेशनल हॉट एयर बैलून महोत्सव मानने की कवायद चल रही है।
..तो पर्यटक आसमान से करेंगे 'ताजमहल' का दीदार!
विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आगरा में होने वाले इस महोत्सव को प्रयोग के तौर पर आजमाया जाएगा। हॉट एयर बैलून न केवल पर्यटकों को आसमान की सैर कराएंगे, बल्कि उसके माध्यम से लोग ताजमहल का दीदार भी कर सकेंगे।
इंटरनेशनल हॉट एयर बैलून महोत्सव को दुनियाभर में चलने वाले बैलून महोत्सव की तर्ज पर मनाया जाएगा। पर्यटन विभाग की मंशा है कि रोमांचकारी पर्यटन के तौर पर हॉट एयर बैलून महोत्सव भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा।
अधिकारी ने बताया कि विभाग का मानना है कि आगरा आने वाले देसी और विदेशी पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पर्यटक यहां आते हैं और ताज को देखकर चले जाते हैं। लेकिन विभाग पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कुछ ऐसी गतिविधियां चलाने की कवायद कर रहा है। हॉट एयर बैलून महोत्सव वर्ष 2013 में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि महोत्सव में 15 हॉट एयर बैलून एक साथ उडान भरेंगे और पर्यटक इनमें बैठकर ताजमहल के अलावा फतेहपुर सीकरी, आगरा का किला जैसे पर्यटक स्थलों को देख सकेंगे।
विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार ने कहा कि विभाग इस तरह की कवायद में जुटा है लेकिन अभी इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जहां से एक साथ इतने बैलून उड़ान भर सकें।

0 comments:

Post a Comment